सपा कार्यकर्ता पर रंगदारी मांगने, धमकी देने का आरोपः सीतापुर में नपा अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, डीएम से शिकायत के बाद एक्शन
सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली इलाके में नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अराफात की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार शाम सपा कार्यकर्ता शिवेंद्र प्रताप यादव के खिलाफ डरा-धमकाकर रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। डीएम के निर्देश और एसपी के आदेश के बाद केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अराफात ने सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम राजा गणपति आर को प्रार्थनापत्र दिया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मोतीपर निवासी शिवेंद्र प्रताप यादव पुत्र रामकुमार सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ सड़क निर्माण के एवज में पांच लाख रुपये मांगने का झूठा आरोप लगाते हुए वीडियो प्रसारित कर रहा है। इससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि धूमिल हो रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष के अनुसार, मामले को लेकर उन्होंने अकील और इमरान की मौजूदगी में शिवेंद्र यादव से बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया था। आरोप है कि इस दौरान शिवेंद्र ने उनसे दो लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर सोशल मीडिया के माध्यम से बदनाम करने की धमकी दी गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसपी को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिवेंद्र यादव के खिलाफ डरा-धमकाकर रंगदारी मांगने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी आरोपी के खिलाफ कोतवाली में चार मुकदमे दर्ज हैं। मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
.jpg)
Gallery Photos
TAGS:
##mahmudabad #sitapur