कोर्ट के आदेश पर ग्राम प्रधान समेत 5 के खिलाफ FIR
महमूदाबाद। कोतवाली क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर बुधवार शाम करीब 5 बजे ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में ग्राम प्रधान, दो अन्य व्यक्ति और नूरपुर पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मी शामिल हैं
शिकायतकर्ता राहुल पुत्र गिरीश चंद्र, निवासी खंता, ग्रामसभा रमद्वारी, ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि मनरेगा मजदूरी की रकम वास्तविक श्रमिकों के खातों में भेजने के बजाय कथित रूप से अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर कराकर निकाली गई।
राहुल का आरोप है कि उसकी मां माधुरी देवी के मनरेगा जॉब कार्ड संख्या 436 पर देय मजदूरी की रकम भी कथित तौर पर हड़प ली गई। 20 मई को मजदूरी भुगतान को लेकर शिकायत करने पर ग्राम प्रधान द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, मारपीट करने तथा जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले में पहले कोतवाली और विकासखंड कार्यालय में शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 8 जुलाई को पुलिस अधीक्षक सीतापुर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई। वहां से भी कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई।
कोतवाल भानु प्रताप सिंह के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में दलित एक्ट के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी से संबंधित धाराएं भी शामिल हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
.jpg)