गोमार्डा अभ्यारण्य में सांभर का शिकार, अवशेष मिलने से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वाड की मदद से जांच जारी..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// गोमार्डा अभ्यारण्य के बरमकेला वन परिक्षेत्र में शिकारियों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। झीलगीटार क्षेत्र के जंगल में अज्ञात शिकारियों ने एक सांभर का शिकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मौके पर पहुंची टीम को जंगल में बड़ी मात्रा में सांभर के मांस के अवशेष मिले हैं। बताया जा रहा है कि शिकारियों ने जंगल के भीतर सांभर को मारकर उसका मांस ले जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ अवशेष मौके पर ही छूट गए। इसी आधार पर वन विभाग को शिकार की जानकारी मिली। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। शिकारियों की तलाश के लिए टीम आसपास के क्षेत्रों में भी पड़ताल कर रही है।

वन विभाग के एसडीओ अंकित पांडेय ने बताया कि सोमवार को अज्ञात शिकारियों द्वारा सांभर के शिकार की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम भेजकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का दाह संस्कार कर दिया गया है। मामले में विस्तृत जांच जारी है और शिकारियों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि वन विभाग द्वारा अभ्यारण्य क्षेत्र में गश्ती सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वन्य जीवों को सुरक्षित रखने की कोशिश की जाती है बावजूद इसके विभाग के नाक के नीचे शिकारियों द्वारा कभी जंगली सुअर, तो कभी चीतल, कभी भालू तो कभी सांभर का शिकार किया जाता है। जो कि कहीं न कहीं वन्य जीवों के संवर्धन और संरक्षण पर सवालिया निशान खड़े करता है। फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं वन अमला भी ट्रेनर डॉग को लेकर आरोपियों की धर पकड़ में लग गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!