हड़ताल अवधि के लंबित प्रकरण 31 मार्च तक निपटाने के निर्देश

पत्थलगांव।जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय जशपुर के उप संचालक एवं जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर को पत्र जारी कर जन्म-मृत्यु पंजीयन में हो रही देरी पर ध्यान आकर्षित की गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि सीएमएचओ के अधीनस्थ सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों के रजिस्ट्रार/उप रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) द्वारा माह अगस्त 2025 से सितम्बर 2025 की हड़ताल अवधि के दौरान हुई जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं के विलंबित पंजीयन की प्रक्रिया अत्यंत धीमी गति से संपादित की जा रही है। नियमानुसार संस्थागत जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं का निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन संबंधित संस्था प्रभारी की जिम्मेदारी होती है तथा सामान्य स्थिति में विलंब पंजीयन की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। हालांकि हड़ताल के कारण उत्पन्न विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विलंब पंजीयन की अनुमति प्रदान की जा रही है।

  इस संबंध में उप संचालक एवं जिला रजिस्ट्रार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधीनस्थ पंजीयन इकाइयों को तत्काल निर्देशित किया जाए कि हड़ताल अवधि के लंबित जन्म एवं मृत्यु पंजीयन प्रकरणों को 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन कर पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के पश्चात इस संबंध में किसी भी प्रकार का विलंबित पंजीयन आदेश जारी नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से अपेक्षा की है कि वे लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर पंजीयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाएं, ताकि नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!