गोविंदगढ़ में श्रीरामचरितमानस गायन-वादन महासम्मेलन का भव्य शुभारंभ, 19 मंडलियों की प्रस्तुतियों से गूंजा भक्तिमय माहौल

भैयाथान। ग्राम पंचायत गोविंदगढ़ में छत्तीसगढ़ मानस संगठन, जिला सूरजपुर द्वारा आयोजित श्रीरामचरितमानस गायन-वादन प्रतियोगिता महासम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भटगांव विधायक व मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे ठाकुर प्रसाद राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। प्रथम दिवस कुल 19 मंडलियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री राजवाड़े ने श्रीरामचंद्र जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्हें मानस संगठन जिला सूरजपुर के लिए ससम्मान संरक्षक पद पर स्व-नियुक्त किया गया। गोविंदगढ़ के मानस मंच से इसकी घोषणा करतल ध्वनि के बीच की गई, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं व प्रतिभागियों ने तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में ठाकुर प्रसाद राजवाड़े ने श्रीरामचरितमानस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बलिराम यादव ने किया।
मुख्य अतिथि के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, सरपंच राजकुमारी, उप सरपंच उपेंद्र सिंह,शांतनु गोयल, शिव पांडेय, अभय गुप्ता,रूपेंद्र कुशवाहा,नेहा सिंह,रमेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का आयोजन समिति के सदस्यों ने बैच पहनाकर व तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!