धरसींवा में सम्मान की रंगत: बुजुर्गों, नारीशक्ति और पत्रकारों के सम्मान में बरसाए गए फूल

संस्कार, समर्पण और सामाजिक सम्मान का बना प्रेरक मंच

धरसींवा। भारतीय जनता पार्टी धरसींवा मंडल द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह इस बार सम्मान और संस्कारों की सुगंध से महक उठा। कार्यक्रम में बुजुर्ग कार्यकर्ताओं, नारीशक्ति और पत्रकारों का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहा, वहीं फूलों की होली ने पूरे वातावरण को आत्मीयता और उल्लास से भर दिया। धरसीवां मंडल के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम ने संगठनात्मक एकता और सामाजिक सम्मान की परंपरा को नई मजबूती दी।

समारोह की शुरुआत मां भारती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मंच पर उपस्थित अतिथियों ने समाज और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और पत्रकारों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सम्मानित लोगों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नितिन अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी परंपरा की नींव है। उन्होंने कहा कि जिन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपने संघर्ष और समर्पण से संगठन को मजबूत बनाया, उनका सम्मान करना नई पीढ़ी को संस्कारों की सीख देता है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और नारीशक्ति का सम्मान करना हमारे सामाजिक मूल्यों का प्रतीक है।

वहीं क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक परिवार है, जहां हर वर्ग का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों का अनुभव संगठन की पूंजी है और नारीशक्ति समाज की शक्ति। विधायक शर्मा ने पत्रकारों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में निष्पक्ष पत्रकारिता की बड़ी भूमिका होती है और उनका सम्मान करना समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने जैसा है।

समारोह के दौरान भाजपा के वयोवृद्ध कार्यकर्ताओं का विशेष अभिनंदन किया गया। उन्हें शाल भेंट कर संगठन के प्रति उनके वर्षों के समर्पण को सम्मानित किया गया। बुजुर्ग कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन की यात्रा को याद किया, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को भी सम्मानित कर नारीशक्ति के योगदान को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में फूलों की होली खेली गई, जिसमें सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। सम्मान और फूलों की सुगंध से सजे इस आयोजन ने धरसींवा में सामाजिक सौहार्द और संगठनात्मक एकता की एक नई मिसाल प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा, व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक नितिन गौरी शंकर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता अंजय शुक्ला, भाजपा नेता अभिनेष कश्यप, जिला पंचायत सदस्य सविता चंद्राकर, सरोज चंद्रवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. के.के. वर्मा, जनपद अध्यक्ष शकुंतला सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खूंटे, मंडल अध्यक्ष राकेश यादव, मो. यूनुस वरिष्ठ पत्रकार रेणु मिश्रा क्राइम रिपोर्टर हेमंत वर्मा पत्रकार मो. याकूब सहित आसपास के कई जनप्रतिनिधि, सरपंच और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!