गोबरसिंहा सोसायटी में दलहन-तिलहन खरीदी का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा समर्थन मूल्य का लाभ..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के गोबरसिंहा सेवा सहकारी समिति में दलहन और तिलहन फसलों की खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत हुई। इस पहल को किसानों के लिए बड़ा राहत भरा कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला भाजपा उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक, मंडल अध्यक्ष प्रदीप सतपथी, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही, मारोदरहा सरपंच टेकलाल सिदार, उप सरपंच दिनेश डनसेना के साथ कृषि विभाग के ADEO संतोष पैकरा, सिदार, राठिया, गोविन्द सिंह ठाकुर, RAEO सौरभ पटेल और समिति के प्राधिकृत अधिकारी मुरलीधर पटेल मौजूद रहे।

मौके पर स्वप्निल स्वर्णकार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दलहन-तिलहन खरीदी के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। अजय जवाहर नायक ने कहा कि इससे प्रदेश दाल और तेल उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी आएगी। वहीं प्रदीप सतपथी ने कहा कि सरकार की योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।

खरीदी केंद्र में पहुंचे किसानों ने भी इस फैसले का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि पहले उन्हें अपनी फसल बिचौलियों को कम दाम में बेचनी पड़ती थी, लेकिन अब समर्थन मूल्य पर खरीदी से उनकी आय में सुधार होगा। इस दौरान समिति प्रबंधक मिनकेतन डनसेना, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!