बालोद । डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम मार्री बंगला में अवैध प्लाटिंग का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत मार्री बंगला के सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डौंडी लोहारा एवं तहसीलदार डौंडी लोहारा को दिनांक 30 मार्च 2026 को लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि खसरा क्रमांक 547 सहित अन्य भूमि पर आरोपी सतीस सिंह व अन्य भूमि स्वामी द्वारा बिना वैधानिक अनुमति के अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। आरोप है कि भूमि को छोटे-छोटे भूखंडों में विभाजित कर विक्रय किया जा रहा है, जबकि इसके लिए न तो राजस्व विभाग और न ही नगर एवं ग्राम निवेश से अनुमति प्राप्त की गई है।
आवेदन में यह भी बताया गया है कि भूमि की प्रकृति में परिवर्तन किए बिना ही उसे आवासीय प्लाट के रूप में बेचा जा रहा है। साथ ही प्लाटिंग क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल एवं विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे भविष्य में खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शिकायतकर्ता सरपंच व ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्लॉट विक्रय के दौरान लोगों को भ्रामक जानकारी देकर निवेश के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे आगे चलकर कानूनी विवाद उत्पन्न होने की आशंका है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डौंडी लोहारा द्वारा जांच टीम का गठन कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच के दौरान अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।
