राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले आईपीएल मैचों के टिकटों की कालाबाजारी एवं अव्यवस्था को लेकर आज शिवसेना छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा CSCS के अध्यक्ष से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की गई।
शिवसेना पदाधिकारियों ने टिकट बिक्री में हुई अनियमितताओं, आम क्रिकेट प्रेमियों को टिकट नहीं मिलने तथा टिकटों को कई गुना अधिक कीमत पर बेचे जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संगठन की ओर से मांग की गई कि भविष्य में टिकट वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए एवं कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
चर्चा के दौरान CSCS अध्यक्ष द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया गया कि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी तथा टिकट व्यवस्था को बेहतर एवं पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
शिवसेना के प्रदेश सचिव कमल सोनी ने बताया कि शिवसेना छत्तीसगढ़ लगातार आम जनता और क्रिकेट प्रेमियों के हित में आवाज उठाती रही है। संगठन का उद्देश्य आम लोगों को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि टिकटों की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश महासचिव रेशम लाल जांगड़े, प्रदेश महासचिव कामगार संतोष मारकंडे, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम केसरवानी, प्रदेश उपाध्यक्ष कामगार बल्लू जांगड़े, प्रदेश सचिव ईश्वर प्रसाद निसाद, रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
