भिलाई-3 के नजदीक पुरैना के स्टोर पारा में युवक की हत्या
- एक दिन पहले चार से पांच युवकों ने की थी बेदम पिटाई
- दो संदेहियों को हिरासत में लेकर जीआरपी कर रही पूछताछ
भिलाई नगर 21 मई 2026:- भिलाई-3 के नजदीक पुरैना के स्टोर पारा में एक युवक की हत्या हो गई। मृतक का नाम नसरू सोना पिता गंगाराम सोना ( 28 वर्ष ) है। वह जीआरपी भिलाई थाना क्षेत्र में पुरैना के स्टोर पारा का रहने वाला है। नसरु और सुबह अपने घर पर मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ा मिला। नसरु के साथ 19 मई को कुछ नशेड़ी किस्म के युवकों ने किसी कारण से मारपीट किया था। पुलिस ने इस मामले में राजेश कुमार और अनिल उर्फ छोटू को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। युवक के मौत की खबर से मोहल्ले में आरोपियों को लेकर आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष की भीड़ ने जीआरपी थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। फिलहाल जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आज सुबह बिस्तर पर नसरु सोना मृत अवस्था में पाया गया। कल दिन और देर रात उसके साथ क्या हुआ किसी को भी पता नहीं। लेकिन एक दिन पहले 19 मई को उसका मोहल्ले के ही चार से पांच युवकों के साथ किसी बात पर विवाद हुआ और युवकों ने मिलकर नसरु की जमकर पिटाई कर दी थी। एक दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई उसकी मौत ने कईं सवाल खड़े कर दिए हैं। जीआरपी भिलाई इन सवालों को सुलझाने में जुट गई है। नसरु मजदूरी करता था। घर में वह पिता गंगाराम और एक भांजे के साथ रहता था। फिलहाल परिजनों की शंका है कि युवकों की पिटाई से अंदरूनी चोट के चलते उसकी मौत हो गई है। सूचना पर जीआरपी ने राजेश कुमार और अनिल उर्फ छोटू को हिरासत में लिया है। दो से तीन संदेही फरार बताए जा रहे हैं। आज युवक की संदिग्ध मौत से गुस्साए स्टोर पारा के लोगों ने जीआरपी थाना पहुंचकर आक्रोश जताया।
- बुधवार को जीआरपी थाने आया था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक नसरु सोना कल बुधवार 20 मई को अपने कुछ दोस्तों के साथ जीआरपी थाने पहुंचा था। यहां उसने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज करवाना चाहता था। लेकिन थाने में मौजूद स्टाफ ने स्टोर पारा आकर देखने का हवाला देकर नसरु सोना को वापस भेज दिया। लिहाजा आज सुबह जब घर पर नसरु मृत अवस्था में पाया गया, तो मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर पर स्टोर पारा पुरैना पहुंची जीआरपी की टीम को भी जनाक्रोश का सामना करना पड़ा। आनन – फानन में दो संदेहियों को उठाकर जीआरपी लौट गई। वहीं पीछे पीछे बड़ी संख्या में मोहल्ले की महिला, पुरुष और युवा भिलाई-3 स्टेशन के नजदीक जीआरपी थाने पहुंच गए। यहां पर लोगों में एक दिन पहले नसरु की थाने पहुंचकर अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
- जमकर होता है नशे का अवैध कारोबार
रिसाली नगर निगम में आने वाला पुरैना तीन वार्डों में विभक्त है। इसमें डाक बंगला पारा, एनएसपीसीएल और स्टोर पारा वार्ड शामिल है। रेलवे क्षेत्र होने स्टोर पारा जीआरपी थाना का इलाका है। इस इलाके में नशे का अवैध कारोबार जमकर होता है। यहां शराब और गांजा की अवैध रूप से खरीदी बिक्री अरसे से चलने का दावा लोग करते हैं। नशे का सामान आसानी से उपलब्ध होने से युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है। नशा करने के बाद युवाओं में आपसी रंजिश बढ़ रही है। आए दिन गुटीय संघर्ष देखने को मिलता है। छोटी छोटी बातों में बड़ा विवाद हो जाता है। इतना ही नहीं जुआ और सट्टा जैसी सामाजिक कुरीतियों को लेकर भी स्टोर पारा बदनाम है। नशे के अवैध कारोबार और जुआ – सट्टा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर लगाम नहीं लग पाने से जीआरपी की भूमिका पर भी रह रहकर सवाल खड़े होते रहे हैं।
