ग्राम कुसमी मे हुआ खेत बचाओ अभियान शिविर , किसानों ने सीखी प्राकृतिक खेती की बारीकियां


पलारी
रासायनिक उर्वरकों के सीमित एवं संतुलित उपयोग तथा प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों और आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर में 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित खेत बचाओ अभियान के तहत सोमवार 8 जून को पलारी विकासखण्ड के ग्राम कुसमी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को जैविक खाद के लाभ, मृदा परीक्षण, मृदा उर्वरता बढ़ाने के उपाय, प्राकृतिक खेती, हरी खाद, वर्मी कम्पोस्ट, कम्पोस्ट खाद, ब्लू ग्रीन शैवाल, वेस्ट डीकंपोजर के उपयोग, फसल अवशेष प्रबंधन, खरीफ पूर्व खेत की तैयारी, उन्नत बीज परीक्षण, बीज उत्पादन कार्यक्रम, फसल बीमा एवं जल संचयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों को बताया गया कि प्राकृतिक खेती अपनाकर न केवल भूमि की उर्वरता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सकता है, बल्कि खेती की लागत में कमी लाकर बेहतर उत्पादन भी प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान किसानों को खेत बचाओ अभियान की शपथ भी दिलाई गई तथा पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री राजू टांडे एवं आत्मा योजना अंतर्गत विकासखंड तकनीकी प्रबंधक श्रीमती पुष्पांजलि बंजारे ने किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इस अवसर पर ग्राम कुसमी के किसान मित्र जगमोहन वर्मा, रेवाराम, राम नारायण वर्मा, संतोष यादव, पोषण वर्मा, लक्ष्मी नारायण वर्मा, डेरहा हिरवानी, किशोर वर्मा सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे और कार्यक्रम का लाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!