जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल, सहायता राशि के चेक भी वितरित
धरसीवां । रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से बुधवार को विधायक कार्यालय ‘सेवा सदन’ का शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने विधायक अनुज शर्मा की उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यालय का लोकार्पण किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
नवनिर्मित सेवा सदन के माध्यम से अब धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव और जनहित से जुड़े मुद्दे सीधे विधायक कार्यालय में दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें रायपुर या अन्य स्थानों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। कार्यालय में नियमित जनसुनवाई की व्यवस्था रहेगी, जिससे समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया और अधिक सरल तथा प्रभावी हो सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा की अनुशंसा पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत जरूरतमंद, अस्वस्थ एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। वहीं समाज और क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रबुद्धजनों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
उद्घाटन समारोह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर विशेष प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर आयोजित संवाद में वक्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, गरीब कल्याण योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार और आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख किया गया।
क्षेत्रवासियों ने सेवा सदन की स्थापना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही सुनवाई एवं कार्रवाई संभव हो सकेगी। उद्घाटन के साथ ही सेवा सदन में जनसंपर्क और जनसुनवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई।
‘सेवा सदन’ जनता की उम्मीदों और अधिकारों का केंद्र : अनुज शर्मा
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवा सदन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि धरसींवा की जनता की उम्मीदों, अधिकारों और विश्वास का केंद्र है। अब क्षेत्र का कोई भी नागरिक सीधे उनसे और उनकी टीम से संपर्क कर सकेगा। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए रायपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सेवा सदन के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, सुशासन और गरीब कल्याण का स्वर्णिम काल बताते हुए उन्हें बधाई दी।
जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु बनेगा ‘सेवा सदन’ : सौरभ सिंह
छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि सेवा सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का केंद्र है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। यह कार्यालय धरसींवा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में सेवा सदन जनसेवा और जनसहभागिता का प्रभावी मंच बनेगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष लखन लाल धीवर, अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल,संदीप यदु , सविता चंद्राकर एवं स्वाति वर्मा, शकुंतला दिलेंद्र सेन,दिनेश खुंटे,टीकेश्वर मनहरे, सुरेंद्र दुलारी वर्मा, अशोक सिन्हा राकेश यादव कौशल साहू, किरण साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी तथा क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
