खमतराई से खम्हारडीह तक पुलिस की कार्रवाई, बाहरी व्यक्तियों और अस्थायी डेरों की जांच
रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक सत्यापन एवं वेरिफिकेशन अभियान चलाया। उत्तर जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के निर्देशन में खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित अस्थायी डेरों, किराए के मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा संदिग्ध ठिकानों की सघन जांच की। बाहरी राज्यों एवं जिलों से आए लोगों की पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद व्यक्तियों के आधार कार्ड एवं अन्य पहचान दस्तावेजों की जांच कर उनका भौतिक सत्यापन भी किया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से उनके निवास, व्यवसाय और रायपुर आने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की। जिन व्यक्तियों के दस्तावेज अधूरे पाए गए या जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, उनकी विस्तृत जानकारी दर्ज की गई। अभियान के दौरान मकान मालिकों और स्थानीय नागरिकों को भी किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस विभाग ने बताया कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य अपराधियों, असामाजिक तत्वों और फरार आरोपियों की पहचान कर उन पर प्रभावी निगरानी रखना है। इसी कड़ी में संदिग्ध व्यक्तियों का प्रोफाइल तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के साथ-साथ सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
