महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को मिला नया मंच
भिलाई, 20 जून 2026। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) एवं साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़, साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ दुर्ग डिस्ट्रिक्ट तथा बीएसपी साइक्लिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में भिलाई में जिला स्तरीय अस्मिता साइक्लिंग लीग का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से 328 महिला एवं बालिका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद एवं साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के मुख्य संरक्षक थे। विशिष्ट अतिथियों में भिलाई नगर निगम के महापौर , पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, बीएसपी साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बंछोर, बीएसपी साइकिल पोलो क्लब के अध्यक्ष परविंदर सिंह तथा छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश श्रीवास्तव शामिल रहे।
साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के महासचिव विनायक चन्नावार एवं साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ दुर्ग डिस्ट्रिक्ट के सचिव देवप्रकाश वर्मा ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अस्मिता साइक्लिंग लीग भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा महिला खिलाड़ियों के लिए आयोजित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य खेलों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रतियोगिता का आयोजन तीन आयु वर्गों में किया गया।
सब जूनियर बालिका वर्ग (16 वर्ष से कम आयु)
- प्रथम – शीतल
- द्वितीय – वंदना
- तृतीय – साक्षी सलामे
जूनियर बालिका वर्ग (17 से 18 वर्ष आयु)
- प्रथम – इशिता सिन्हा
- द्वितीय – मेघा साहू
- तृतीय – पुष्पांजलि
सीनियर महिला वर्ग (18 वर्ष से अधिक आयु)
- प्रथम – हीना
- द्वितीय – प्रभा
- तृतीय – बबीता मलिक
विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
खेल के माध्यम से नारी शक्ति का उत्सव
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का माध्यम है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। अस्मिता साइक्लिंग लीग जैसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
अनेक संस्थाओं का मिला सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में भारतीय साइकिल पोलो महासंघ के कोषाध्यक्ष तोषेंद्र वर्मा, साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ दुर्ग के उपाध्यक्ष ई.वी. सुनील, सचिव देवप्रकाश वर्मा, साइकिल पोलो एसोसिएशन ऑफ दुर्ग के सचिव शशांक देशमुख, छत्तीसगढ़ साइक्लिंग एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष श्रीमती बीना मिश्रा सहित अभिषेक मिश्रा, शशिकांत पांडे, मोहित कुमार, जावेद कुरैशी, नीरज मिश्रा, आकांक्षा मिश्रा, पीटीआई श्रीमती भेषिका वर्मा, सुश्री विद्या नायर, डॉ. मेजर सिंह, हरभजन सिंह, रोहित पटेल, स्वास्थ्य विभाग, यातायात पुलिस एवं नगर निगम भिलाई का विशेष योगदान रहा।
खेल भावना, अनुशासन और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ तथा महिलाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान कर गया।
