सरसीवा, भटगांव और बिलाईगढ़ तहसील के विक्रेताओं की संयुक्त बैठक में राशन वितरण, बारदान जमा और धान खरीदी की तैयारियों पर मंथन
बिलाईगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुचारू और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिला खाद्य विभाग ने सरसीवा, भटगांव एवं बिलाईगढ़ तहसील क्षेत्र के उचित मूल्य दुकान संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला खाद्य अधिकारी गणेश राम कुर्रे ने की।
बैठक में सहायक जिला खाद्य अधिकारी अमित कुमार शुक्ला, नान अधिकारी घनश्याम प्रसाद कश्यप एवं गोदाम सहायक तेज कुमार साहू उपस्थित रहे। इस दौरान तीनों तहसीलों के अधिकांश उचित मूल्य दुकान विक्रेता शामिल हुए।
जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि जिन राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी अब तक पूर्ण नहीं हुआ है, उनका ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने विक्रेताओं को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों का फिंगरप्रिंट सत्यापन हो रहा है, उनके लिए अनावश्यक रूप से ओटीपी प्रक्रिया न अपनाई जाए।
बैठक में खाली बारदानों को अनिवार्य रूप से मार्कफेड में जमा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई, ताकि उपार्जन केंद्रों में बोरा सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।
अधिकारियों ने उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से सामान्य चावल एवं शक्कर वितरण से प्राप्त राशि का डिमांड ड्राफ्ट बनाकर शासन के निर्धारित खाते में समयबद्ध जमा कराने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त ओटीपी आधारित राशन वितरण, रिकॉर्ड संधारण, हितग्राहियों की सुविधा तथा विभागीय नियमों के पालन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के माध्यम से विक्रेताओं को निर्देशों का गंभीरता से पालन कर पात्र हितग्राहियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने कहा गया।
