महिला एवं गुम बालिकाओं से संबंधित अपराधों तथा साइबर फ्रॉड मामलों में त्वरित वैधानिक कार्यवाही के निर्देश

मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 20.06.2026 दिन शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित संवाद कक्ष में जिले की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
​लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
​समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
​गंभीर अपराधों पर ध्यान: महिला एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित अपराधों, गंभीर अपराध जैसे हत्या, हत्या का प्रयास, संपत्ति संबंधी अपराध (चोरी, नकबजनी, झपटमारी) एवं पूर्व लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
​समय सीमा में निराकरण: धारा 173 (8) जा.फौ. (वर्तमान 193 बीएनएसएस) के अंतर्गत लंबित प्रकरणों एवं लंबित मर्ग प्रकरणों का शीघ्र वैधानिक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। थानों में प्राप्त नई शिकायतों को 07 दिवस के भीतर तथा पूर्व लंबित शिकायतों को 15 दिवस के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए गए।
​निरीक्षण व स्वच्छता: थाना परिसर एवं मालखाना की साफ-सफाई तथा अभिलेखों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। समस्त पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने व नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गए।
​”ऑपरेशन मुस्कान” और स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर
​गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कार्य में और अधिक तेजी लाने तथा बरामद बच्चों को सकुशल परिजनों को सौंपने के निर्देश दिए।
​बैठक के दौरान जिले में बीट प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करते हुए स्मार्ट पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत आम जनता से मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर जुड़ने, नशामुक्ति, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए।
​साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष पहल (GRM और MRM)
​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने डिजिटल युग में होने वाले साइबर फ्रॉड की रोकथाम हेतु स्कूली छात्र-छात्राओं और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। Cybercrime.gov.in एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने व NCCRP पोर्टल के तहत GRM/MRM का उपयोग करने हेतु निर्देशित किया गया:
​GRM (Grievance Redressal Mechanism): आमजन के खाता फ्रीज होने पर उन्हें दूसरे राज्य जाकर भटकना नहीं पड़ेगा। इसके तहत खाताधारक, बैंक और संबंधित पुलिस स्टेशन ऑनलाइन माध्यम से खाता अनफ्रीज करा सकेंगे।
​MRM (Money Restoration Module): आमजन के साथ हुई ठगी की रकम होल्ड होने पर, इस मॉड्यूल के तहत बिना न्यायालय की लंबी अनुमति के संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा रकम वापस कराई जा सकेगी।
​बैठक में उपस्थिति:
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक पथरिया हरविन्दर सिंह, रक्षित निरीक्षक, जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!