मुंगेली, जिले के मोतिमपुर (अमरटापू) मंदिर के दोनों ओर 1.70 किलोमीटर पहुंच मार्ग एवं आगर नदी पर पुल निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इस कार्य के लिए 397.18 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं 383.23 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई है।
निर्माण कार्य का विवरण
ढांचा: आगर नदी पर 15-15 मीटर स्पान के चार स्लैब, दो एबटमेंट और तीन पियर।
पहुंच मार्ग: पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण।
वर्तमान स्थिति: अब तक एक स्लैब का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा दूसरे स्लैब का कांक्रीट कार्य जारी था।
घटना का कारण और त्वरित एक्शन
ईई पी डब्ल्यू डी शरद सतपथी ने बताया कि स्लैब कास्टिंग के समय मिक्सर मशीन चालक की लापरवाही के कारण मशीन का पहिया स्लैब की स्टील सेंटरिंग प्लेट पर चढ़ गया। इससे सेंटरिंग प्लेट एवं ताजा कांक्रीट (ढलाई) का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित हिस्से को तत्काल हटाकर पुनः गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ढलाई कराने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन का मुख्य रुख:
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
संबंधित कार्य का अब तक ठेकेदार को कोई भुगतान नहीं किया गया है।
क्षतिग्रस्त कार्य का भुगतान बिल्कुल नहीं किया जाएगा। निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण होने के बाद ही नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
जिला प्रशासन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्य की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना उपलब्ध करायी जा सके।
