कलेक्टर ने जारी किया तत्काल प्रभाव से लागू आदेश, प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और बेहतर समन्वय को ध्यान में रखकर किए गए स्थानांतरण।
रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय की वित्त शाखा ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि आदेश की अन्य शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।
जारी आदेश के अनुसार,श्री बाबूलाल कुर्रे को तहसीलदार धरसीवा से आरंग तहसीलदार बनाया गया है। श्री राजकुमार साहू को नजूल तहसीलदार रायपुर से तहसीलदार धरसीवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री सृजन सोनकर को अतिरिक्त तहसीलदार खोरपा अभनपुर से तहसीलदार खरोरा स्थानांतरित किया गया है। श्री विकाश सिंग राठौर तहसीलदार गोबरनवापारा से मंदिर हसौद भेजा गया है। इसी प्रकार श्री चंद्रशेखर मंडई को तहसीलदार खरोरा से गोबरा नवापारा तहसीलदार के रूप में पदस्थ किया गया है।
नायब तहसीलदारों के स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। श्री गजानंद सिदार को समोदा से खोरपा (अभनपुर) भेजा गया है, जबकि श्री टोमन कुमार को तिल्दा से समोदा (आरंग) पदस्थ किया गया है। श्री अजय कुमार पाण्डेय, जो सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर कार्यरत थे, उन्हें नायब तहसीलदार तिल्दा-नेवरा नियुक्त किया गया है। वहीं श्री नरेन्द्र वर्मा, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, को नजूल तहसीलदार रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल से विभिन्न तहसीलों में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन में गति आएगी तथा आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा।
आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त रायपुर संभाग, अपर कलेक्टर, जिला निर्वाचन अधिकारी, स्थानीय निर्वाचन शाखा तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेज दी गई है। प्रशासनिक हलकों में इस तबादला सूची को जिले की राजस्व व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
