मरीन ड्राइव के जय जवान पेट्रोल पंप पर हंगामा, पानी मिला पेट्रोल देने का आरोप

पेट्रोल भरवाने के बाद कई वाहन बीच रास्ते बंद, जांच के लिए ईंधन के नमूने लेने की तैयारी

रायपुर । राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कई वाहन चालकों ने पेट्रोल में पानी की मिलावट होने का आरोप लगाया। वाहन मालिकों का कहना है कि पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद उनकी गाड़ियां बीच रास्ते बंद हो गईं और दोबारा स्टार्ट नहीं हुईं। घटना के बाद बड़ी संख्या में प्रभावित लोग पेट्रोल पंप पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

वाहन चालकों के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के बाद गाड़ियों में अचानक तकनीकी खराबी आने लगी। कुछ वाहन कुछ ही दूरी चलने के बाद बंद हो गए, जबकि कई लोगों ने इंजन में गंभीर समस्या आने की शिकायत की। कुछ ग्राहकों ने आशंका जताई कि पानी मिला ईंधन भरने से उनके वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंचा है और इंजन सीज होने की स्थिति भी बन सकती है।

देखते ही देखते पेट्रोल पंप परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

उधर, पेट्रोल पंप प्रबंधन ने जानबूझकर किसी तरह की मिलावट से इनकार किया है। संचालकों का कहना है कि प्रारंभिक आशंका के अनुसार किसी तकनीकी कारण या लीकेज के चलते भूमिगत टैंक में पानी पहुंच गया हो सकता है। उनका कहना है कि वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रभावित वाहन चालक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यदि जांच में ईंधन में पानी की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!