उरला पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, चोरी की पांच बाइक बरामद

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी, दो लाख रुपये की मोटरसाइकिलें जब्त; अन्य वारदातों और संभावित गिरोह से संबंध की जांच जारी।

रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए उरला पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं और किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह से उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को देवेंद्र साहू ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह उरला स्थित एक पेट्रोल पंप में काम करने आया था। ड्यूटी के दौरान उसने अपनी मोटरसाइकिल परिसर में खड़ी की थी, लेकिन वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अभय दुबे (30), निवासी ग्राम रामपुर डुंगा, जिला बलरामपुर एवं वर्तमान निवासी उरला, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बरामद बाइक चोरी की होना स्वीकार किया और अलग-अलग स्थानों से चार अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी कबूल की।

आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की गईं। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!