कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत बैंक की पहल, कार्यालय आने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को मिलेगा शुद्ध एवं ठंडा पेयजल।
धरसीवां छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत सामाजिक सरोकार निभाते हुए जनपद पंचायत धरसीवां परिसर में अत्याधुनिक वाटर कूलर स्थापित किया है। बैंक की इस पहल से जनपद पंचायत कार्यालय में प्रतिदिन आने वाले ग्रामीणों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को अब शुद्ध एवं ठंडा पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा। भीषण गर्मी और उमस के बीच यह सुविधा लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
वाटर कूलर का लोकार्पण एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक तथा जनपद पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत धरसिवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) आशीष केशरवानी ने बैंक की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाली ऐसी पहलें अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि “प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य माना जाता है और बैंक ने इस सेवा भाव को व्यवहार में उतारा है।”
छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों ने बताया कि बैंक केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भी लगातार योगदान दे रहा है। सीएसआर के तहत जनहित में ऐसे कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने फीता काटकर वाटर कूलर का शुभारंभ किया और इसे आम जनता को समर्पित किया। स्थानीय लोगों ने बैंक की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
