नागिन चौक पर कांग्रेस नेताओं व ग्रामीणों का एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना, जल्द मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सरसीवा। वर्षों से बदहाल पड़े सरसीवा–पेंड्रावन मार्ग को लेकर आखिरकार ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। शुक्रवार को ग्राम पंचायत कोट के नागिन चौक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।
धरने का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रेशम लाल अजय ने किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरसीवा से पेंड्रावन तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और आम राहगीरों को हर दिन जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने प्रशासन पर सड़क की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार मांग और शिकायत के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में नरेंद्र खटकर, अजय यादव, ललित देवांगन, राजेंद्र अजय, प्रमोद भास्कर, हेमराज डनसेना, भुवन जायसवाल, अजय, मनीष कुर्रे, शांति बाई श्रीवास, चंद्रमा कुर्रे, गौरी खुटे, मेमबाई, उषाबाई, तेरस, प्रिया, लक्ष्मीबाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
