उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिखाई मनोकामना रथ को हरी झंडी, पुरी से लाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा महाप्रसाद
रायपुर। भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों की आस्था को श्रीजगन्नाथ पुरी धाम से जोड़ने के उद्देश्य से 94.3 माय एफएम और एटी ज्वेलर्स की संयुक्त पहल पर ‘जोहार जगन्नाथ’ अभियान का शुभारंभ किया गया। नवा रायपुर स्थित अटल नगर के शासकीय निवास कार्यालय से उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मनोकामना रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अभियान के तहत श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं और प्रार्थनाएं लिखकर रथ के कलश में समर्पित कर सकेंगे। इन मनोकामना-पत्रों को 94.3 माय एफएम की टीम श्रीजगन्नाथ पुरी धाम ले जाकर भगवान श्रीजगन्नाथ के श्रीचरणों में अर्पित करेगी। आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था को सीधे भगवान श्रीजगन्नाथ से जोड़ना और धार्मिक भावनाओं को नई अभिव्यक्ति देना है।
इसके बाद रायपुर के कोतवाली चौक स्थित अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स (एटी पैलेस) में आयोजित ‘जोहार जगन्नाथ’ कार्यक्रम में भी उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीजगन्नाथ की भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है।
उन्होंने कहा कि मनोकामना रथ श्रद्धालुओं की भावनाओं को पुरी धाम तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। साथ ही श्रीजगन्नाथ धाम से लाया गया महाप्रसाद भी प्रदेशभर के श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने भगवान श्रीजगन्नाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘जोहार जगन्नाथ’ अभियान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने रथ के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाएं भगवान श्रीजगन्नाथ तक पहुंचाने के लिए अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।
