विराटनगर। लगभग दस माह पूर्व हुई हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं में क्षतिग्रस्त हुआ विराटनगर के धरान रोड स्थित भाटभटेनी सुपर स्टोर एक बार फिर पूर्ण रूप से संचालन में आ गया है। इस अवसर पर नेपाल के कोशी प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री हिक्मत कुमार कार्की ने भाटभटेनी सुपर स्टोर के संस्थापक एवं प्रमुख प्रोपराइटर आदरणीय मीनबहादुर गुरुङ, उनकी धर्मपत्नी सावित्री देवी गुरुङ तथा समस्त परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
ज्ञात हो कि 24 भाद्र 2082 को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के दौरान देशभर में कई सरकारी, व्यावसायिक एवं निजी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया था। उसी क्रम में नेपाल की प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्था भाटभटेनी सुपर स्टोर के कई आउटलेट भी प्रभावित हुए थे, जिनमें विराटनगर का धरान रोड स्थित स्टोर भी शामिल था।
स्टोर के पुनः संचालन के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने स्टोर का भ्रमण कर शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। इस दौरान स्टोर की प्रोपराइटर सावित्री देवी गुरुङ से भेंट कर उनके साहस, धैर्य और पुनर्निर्माण के प्रयासों की सराहना की गई।
मुख्यमंत्री हिक्मत कुमार कार्की ने कहा कि भाटभटेनी सुपर स्टोर का पुनः संचालन केवल एक व्यापारिक प्रतिष्ठान की वापसी नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों पर दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास की जीत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाटभटेनी समूह भविष्य में भी नेपाल की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और उपभोक्ता सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भाटभटेनी परिवार को उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति एवं सफल संचालन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
