मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत चोरी के दो मामलों का चंद घंटों में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार


मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना चिल्फी पुलिस ने संपत्ति संबंधी चोरी के दो अलग-अलग मामलों का त्वरित खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (लोरमी) माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी की गई नगदी, सबमर्सिबल मोटर पम्प तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कपड़ा दुकान के कर्मचारी ने चार वर्षों तक गल्ले से उड़ाई रकम
पुलिस के अनुसार रंगियापारा निवासी लखन साहू ने थाना चिल्फी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कपड़ा दुकान के गल्ले से लगातार रुपये गायब हो रहे हैं। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पिछले चार वर्षों से दुकान में कार्यरत कर्मचारी दुर्गेश साहू समय-समय पर गल्ले से नकदी निकालते हुए दिखाई दिया।
पुलिस ने आरोपी दुर्गेश साहू (26 वर्ष), निवासी गोल्हापारा, थाना चिल्फी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी ने चोरी से इंकार किया, लेकिन सघन एवं तकनीकी पूछताछ के दौरान उसने करीब 1.50 लाख से 2 लाख रुपये की चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 60 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
खेत से सबमर्सिबल मोटर पम्प चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में गैलूगांव निवासी संजय बघेल ने अपने खेत से सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पम्प चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने घटना के दौरान तीन व्यक्तियों को मोटर पम्प लेकर मोटरसाइकिल से भागते हुए देखा था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर भूपेन्द्र दिवाकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों संजय बंजारे और महेन्द्र दिवाकर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
भूपेन्द्र दिवाकर (24 वर्ष), निवासी खैराखुर्द
संजय बंजारे (30 वर्ष), निवासी बिझौरी
महेन्द्र दिवाकर (24 वर्ष), निवासी बिझौरी
आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पम्प (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ऑपरेशन बाज के तहत लगातार कार्रवाई
मुंगेली पुलिस ने बताया कि जिले में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। चोरी, नकबजनी एवं अन्य संपत्ति अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्रा के नेतृत्व में थाना चिल्फी पुलिस की टीम ने अंजाम दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!