नए एसपी सुनील शर्मा ने संभाली सारंगढ़-बिलाईगढ़ की कमान, उत्कृष्ट प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले को नए पुलिस अधीक्षक के रूप में एक अनुभवी और ऊर्जावान आईपीएस अधिकारी का नेतृत्व मिला है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री सुनील शर्मा ने 14 जुलाई 2026 को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उनके आगमन से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ जनहित आधारित पुलिसिंग को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्री सुनील शर्मा प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा का लंबा और उत्कृष्ट अनुभव रखते हैं। वे इससे पूर्व नक्सल प्रभावित सुकमा एवं सरगुजा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय रायपुर में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) तथा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के एडीसी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
पदभार ग्रहण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ श्री विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में श्री सुनील शर्मा का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता निश्चित रूप से पुलिस व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगी। आमजन को भी उनसे संवेदनशील, त्वरित एवं प्रभावी पुलिस व्यवस्था की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!