भटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.295 किलो गांजा के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार

एक्टिवा, दो मोबाइल और नकदी भी जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 4 अगस्त। पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे तथा एसडीओपी विजय ठाकुर के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त को थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक एक्टिवा (क्रमांक CG 12 BV 7563) में एक युवक और एक महिला गांजा लेकर कोरबा की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय कुमार पालकर (26 वर्ष), निवासी ग्राम पहरिया, जिला जांजगीर-चांपा (हाल मुकाम सीतामणी, कोरबा) तथा पीछे बैठी महिला ने अपना नाम रंजीता दुबे (38 वर्ष), निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा बताया।
तलाशी के दौरान एक्टिवा की सीट के नीचे दो पैकेट तथा महिला के बैग से तीन पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें कुल 9.295 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में महिला ने गांजा अपना होना स्वीकार करते हुए बताया कि इसे ओडिशा के पदमपुर क्षेत्र से खरीदा गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.295 किलोग्राम गांजा, एक एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन तथा नकद राशि जब्त की। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!