नेपाल काठमांडू में छत्तीसगढ़ के देवेंद्र कुमार सोनी का गौरव, ‘अंतर्राष्ट्रीय समाज गौरव सम्मान-2026’ से हुए सम्मानित


शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला अंतर्राष्ट्रीय सम्मान, भारत-नेपाल के पर्यटन एवं होटल जगत की प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति


चाम्पा/काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के चाम्पा निवासी देवेंद्र कुमार सोनी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘अंतर्राष्ट्रीय समाज गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। नेपाल यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिले इस सम्मान से उन्होंने चाम्पा सहित छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
काठमांडू स्थित रॉयल बुटीक होटल में काठमांडू जिला होटल व्यवसायी संघ एवं इंडो-नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में भारत और नेपाल के पर्यटन, होटल व्यवसाय, सामाजिक क्षेत्र एवं मीडिया से जुड़ी अनेक प्रमुख हस्तियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता काठमांडू जिला होटल व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सुरेश बराल ने की। समारोह में बागमती प्रदेश सरकार के उद्योग, पर्यटन, श्रम एवं परिवहन मंत्री सुरेश श्रेष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं नेपाल टूरिज्म बोर्ड के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिकमत सिंह एयर की विशिष्ट उपस्थिति रही।
समारोह में इंडो-नेपाल टूरिज्म वेलफेयर सोसाइटी के प्रेसिडेंट एवं वरिष्ठ भारतीय पत्रकार डॉ. जतिंद्र पाल सिंह, फेडरेशन ऑफ होटेलियर्स नेपाल के प्रेसिडेंट शंकर भंडारी, नेपाल सरकार के पर्यटन मंत्रालय से जुड़े टूरिज्म एक्सपर्ट पी.के. शेरपा, गोरखा ब्रूअरी के सेल्स डायरेक्टर काजिमन सुब्बा तथा होटल एंड टूरिज्म बिजनेस एसोसिएशन, बागमती प्रोविंस के प्रेसिडेंट दामोदर नेपाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इसके अलावा TAAN के पूर्व प्रेसिडेंट खुम बहादुर सुबेदी, फेडरेशन ऑफ होटेलियर्स नेपाल के एडमिनिस्ट्रेशन वाइस प्रेसिडेंट ज्ञानू गजमेर, एकता होटल एंड गेस्ट हाउस बिजनेस एसोसिएशन की प्रेसिडेंट सरोज आले, नेपाली होटल बिजनेस एसोसिएशन के प्रेसिडेंट गणेश ढकाल और बालाजू होटल बिजनेस एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सूर्य बहादुर खाती सहित नेपाल के विभिन्न होटल एवं पर्यटन संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।


समारोह में नेपाल गेस्टहाउस बिजनेस एसोसिएशन बागबाजार, काठमांडू होटल बिजनेस एसोसिएशन, सुंधरा होटल बिजनेस एसोसिएशन तथा कलंकी होटल एंड गेस्टहाउस एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ व्यवसायी एवं भारतीय मीडिया प्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसी अवसर पर भारत से नेपाल पहुंचे चाम्पा, छत्तीसगढ़ के देवेंद्र कुमार सोनी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं योगदान के लिए अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर ‘अंतर्राष्ट्रीय समाज गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान प्राप्त करने पर देवेंद्र कुमार सोनी ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना के साथ-साथ चाम्पा और छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!