फाउंडेशन में AIR-2, इंटर में AIR-3 और फाइनल में AIR-4; तीनों स्तरों पर टॉप-5 रैंक हासिल करने वाले देश के सबसे कम उम्र के विलक्षण प्रतिभाशाली छात्र बने
भिलाई। स्टील सिटी भिलाई के 20 वर्षीय मेधावी छात्र गुरकिरत सिंह भंगु ने इंस्टिट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) की सीएमए फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-4 हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
गुरकिरत की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले वे सीएमए फाउंडेशन परीक्षा में AIR-2 तथा सीएमए इंटरमीडिएट परीक्षा में AIR-3 प्राप्त कर चुके हैं। अब फाइनल परीक्षा में भी देशभर में चौथा स्थान हासिल कर उन्होंने सफलता की शानदार हैट्रिक पूरी कर ली है।
20 वर्ष की उम्र में बनाया राष्ट्रीय कीर्तिमान
मात्र 20 वर्ष की आयु में गुरकिरत ने सीएमए के तीनों स्तर—फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल—में लगातार ऑल इंडिया टॉप-5 रैंक प्राप्त कर एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि के साथ वे सीएमए के तीनों चरणों में ऑल इंडिया टॉप-5 रैंक हासिल करने वाले देश के सबसे कम उम्र के विलक्षण प्रतिभा के धनी छात्र बन गए हैं। उनकी यह ऐतिहासिक सफलता देशभर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय गुरकिरत सिंह भंगु ने अपने माता-पिता के निरंतर सहयोग तथा डॉ. संतोष राय इंस्टीट्यूट के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा।
भिलाई और छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल
गुरकिरत की इस उपलब्धि से भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। शिक्षा जगत, कॉस्ट अकाउंटेंसी से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षकों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।
