सावन के रंग में रंगा पंजाबी महिला विंग का रंगारंग उत्सव, गिद्दा-भांगड़ा और बोलियों ने बांधा समां


जसलीन कौर दोसांझ बनीं सावन क्वीन, सरबजीत कौर जब्बल रहीं द्वितीय; हरप्रीत कौर नीलू ने किया कार्यक्रम का मंच संचालन


चाम्पा। सावन की उमंग, पंजाबी संस्कृति की मिठास और महिलाओं के उत्साह के बीच पंजाबी महिला विंग द्वारा सावन के पावन अवसर पर भव्य रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शानदार प्रस्तुतियों से आयोजन को यादगार बना दिया। गीत-संगीत, नृत्य, मस्ती और पारंपरिक पंजाबी प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण सावन और पंजाबी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।


कार्यक्रम का मंच संचालन हरप्रीत कौर नीलू द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली एवं रोचक प्रस्तुति शैली से पूरे कार्यक्रम को एक सूत्र में पिरोए रखा और विभिन्न प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं का संचालन किया।
कार्यक्रम की विशेषता पंजाबी संस्कृति से जुड़ी पारंपरिक प्रस्तुतियां रहीं। प्रतिभागियों ने गिद्दा, भांगड़ा और पंजाबी बोलियों के माध्यम से अपनी कला एवं संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। ढोल और पंजाबी गीतों की धुन पर प्रस्तुत गिद्दा-भांगड़ा ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित महिलाएं भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सकीं। बच्चों से लेकर बड़ों तक की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली।


कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा ‘सावन क्वीन’ का चयन रहा। सावन क्वीन के चयन के लिए रोचक तरीके से पर्चियां निकाली गईं। इसमें प्रथम स्थान पर जसलीन कौर दोसांझ तथा द्वितीय स्थान पर सरबजीत कौर जब्बल का चयन किया गया। दोनों विजेताओं को ताज पहनाकर एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित महिलाओं ने तालियों की गूंज के साथ विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।


कार्यक्रम में भारतीय एवं पंजाबी संस्कृति की बड़ों के प्रति सम्मान की परंपरा को भी विशेष महत्व दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं मनोरंजक गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कार कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ महिलाओं के हाथों प्रदान कराए गए। इस अवसर पर श्रीमती सतवंत कौर धजल, श्रीमती हरजीत कौर सलूजा, श्रीमती नवजोत कौर सलूजा, श्रीमती तेजिंदर कौर सलूजा, श्रीमती मंदाकिनी, श्रीमती रजनी सलूजा, श्रीमती रेखा सलूजा, श्रीमती नीता खुल्लर, श्रीमती इंद्रजीत कौर मेहरा, श्रीमती रूपिंदर कौर तथा श्रीमती बिंदर कौर खटकर के द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।


वरिष्ठ महिलाओं के हाथों पुरस्कार प्राप्त कर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों द्वारा इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने बड़ों का सम्मान करने और उनसे आशीर्वाद लेने की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का संदेश भी दिया गया।
मनोरंजन को और खास बनाने के लिए तंबोला सहित विभिन्न मनोरंजक गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं एवं बच्चियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। हंसी-मजाक, खेल, संगीत और नृत्य के बीच पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
महिला विंग की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं के लिए स्वादिष्ट नाश्ते एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था, आत्मीय माहौल और मनोरंजक गतिविधियों की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।


पंजाबी महिला विंग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सावन उत्सव मनाने के साथ महिलाओं को एक मंच पर जोड़ना, आपसी मेल-जोल और सामाजिक सद्भाव बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को पंजाबी संस्कृति, लोकगीत, गिद्दा, भांगड़ा और पारंपरिक बोलियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने पंजाबी महिला विंग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ आपसी रिश्तों को मजबूत करते हैं और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं। सावन की खुशियों, पंजाबी संस्कृति की खूबसूरती और महिलाओं के उत्साह से सजा यह रंगारंग आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!