तुस्मा गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात — पेट और छाती के पास चाकू लगने से युवक गंभीर, पुलिस ने आरोपी को दबोचा; वारदात में इस्तेमाल चाकू और कपड़े बरामद
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तुस्मा में बीती रात एक सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, पुराने वाद-विवाद की रंजिश को लेकर हरीचरण साहू पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे की है। शिकायतकर्ता हरप्रसाद साहू के अनुसार, उसे विनोद साहू ने सूचना दी कि हरीचरण साहू को उसके भतीजे चींतामणी साहू (19), निवासी तुस्मा वार्ड क्रमांक 13 ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां हरीचरण साहू खाट पर गंभीर अवस्था में मिला और पेट-छाती के पास से खून निकल रहा था।
परिजनों ने तत्काल निजी स्कॉर्पियो वाहन से घायल को मां शबरी अस्पताल, शिवरीनारायण पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार घटना के समय घायल की हालत गंभीर थी और वह बातचीत करने की स्थिति में नहीं था।
पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप?
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी द्वारा पुराने वाद-विवाद की रंजिश के चलते हत्या की नीयत से चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैडन यार्क एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी चींतामणी साहू को गिरफ्तार किया।
चाकू और कपड़े बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त एवं सीलबंद किए गए हैं।
मामले में अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज कर धारा 109 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को 12 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की चर्चा
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रितेश परमार, कविता टंडन, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, कपिल साहू, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन, किशोर दीवान, आरक्षक विकास शर्मा, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं घायल हरीचरण साहू की हालत और आगे की चिकित्सकीय स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है। पुलिस मामले की विवेचना जारी रखे हुए है।
