स्वतंत्रता दिवस पर सद्भावना क्रिकेट मैच में दिखा भाईचारा

प्रशासन एकादश ने पत्रकार इलेवन को 7 विकेट से हराया, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने जीता दिल

बलौदाबाजार, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आपसी सद्भाव, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। प्रशासन एकादश और पत्रकार इलेवन के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया। मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन एकादश ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पत्रकार इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन एकादश की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 7 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

विजेता प्रशासन एकादश के कप्तान कलेक्टर कुलदीप शर्मा तथा उपविजेता पत्रकार इलेवन के कप्तान नरेश गनशानी को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए प्रशासन एकादश के प्रेम निषाद को ऑलराउंडर, आशीष तिवारी को बेस्ट फील्डर, पत्रकार इलेवन के खिलेश्वर जायसवाल को बेस्ट बैट्समैन तथा दिलीप माहेश्वरी को बेस्ट बॉलर की ट्रॉफी प्रदान की गई।

कलेक्टर बोले—सद्भावना बढ़ाने की अच्छी पहल

इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन एक सराहनीय पहल है। इससे प्रशासन और नागरिकों के बीच मेल-मिलाप बढ़ता है तथा एक-दूसरे को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और टीम भावना के साथ खेलकर खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की।

इस बार प्रतियोगिता में एक खिलाड़ी को एक ओवर गेंदबाजी करने का नियम रखा गया, जिससे सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। मैदान पर खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के जोश से पूरा माहौल खेलमय और खुशनुमा रहा।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, खेल अधिकारी प्रीति बंछोर सहित अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह मुकाबला खेल के साथ-साथ प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!