जांजगीर-चांपा की ग्राम पंचायतों में एक साथ हुआ गृह प्रवेश, हितग्राहियों को सौंपी ‘खुशियों की चाबी’
जांजगीर-चांपा, ब्लॉक नवागढ़ 11 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है। योजना के तहत जिले में दो वित्तीय वर्षों में 8,546 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए हैं। इन नवनिर्मित आवासों में शुक्रवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को उनके सपनों के पक्के घर की चाबी सौंपी गई।
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी गई।
इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भी गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत जगमहंत पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राही को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपते हुए विधि-विधान से नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश कराया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री पोयाम ने हितग्राही और उनके परिवार को नए घर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने हितग्राही से कहा कि “यह आपकी खुशियों की चाबी है। अब इस घर की जिम्मेदारी आपकी है। इसे बेहतर तरीके से संभालकर रखें और अपने परिवार के साथ सुख-शांति से रहें।”
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से पक्की छत का सपना साकार होने से ग्रामीण परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। नए आवासों में गृह प्रवेश के साथ ही इन परिवारों के जीवन में सुरक्षित और सम्मानजनक आवास की नई शुरुआत हुई।
