राज्य खेल अलंकरण में करन भारती का जलवा, वुशु में जीता शहीद पंकज विक्रम पुरस्कार

बछाऊडीह के युवा खिलाड़ी ने बढ़ाया सारंगढ़-बिलाईगढ़ का मान, ताओलू विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला राज्य स्तरीय सम्मान

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्रामीण अंचल से निकलकर खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले युवा वुशु खिलाड़ी करन भारती ने एक बार फिर सारंगढ़-बिलाईगढ़ का नाम रोशन किया है। राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 में करन को वुशु की ताओलू विधा में शहीद पंकज विक्रम पुरस्कार वर्ष 2023-24 से सम्मानित किया गया।
29 अगस्त को आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में करन भारती को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर मिली इस उपलब्धि से उनके गृह ग्राम बछाऊडीह सहित पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खुशी का माहौल है।
गांव से राज्य के मंच तक बनाई पहचान
करन भारती की उपलब्धि इसलिए भी खास है कि उन्होंने ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय खेल मंच पर पहचान बनाई। वुशु की ताओलू विधा में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है।
उनकी सफलता को जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है। समारोह से जुड़े बैनर में भी करन भारती को “ग्राम बछाऊडीह, सारंगढ़-बिलाईगढ़-छत्तीसगढ़ का गौरव” के रूप में उल्लेखित किया गया है।
मार्गदर्शन और मेहनत से मिली सफलता
करन भारती की इस उपलब्धि में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया गया है। सम्मान मिलने के बाद उन्हें क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
एसपी सुनील शर्मा ने भी करन भारती को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!