गश्त सख्त, निगरानी चौकस… ग्राम सुरक्षा समिति के पहरे से नशे के कारोबारियों में खलबली
जांजगीर-चांपा/नवागढ़।
नशे के खिलाफ अब गांव की महिलाएं भी मैदान में उतर चुकी हैं। महंत गांव में महिला कमांडो ने मोर्चा संभालते हुए नशेड़ियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ग्राम सुरक्षा समिति की निगरानी में महिला कमांडो लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं। गांव में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे नशे की गतिविधियों में लिप्त लोगों पर दबाव बढ़ा है।
महिला कमांडो की सक्रियता से नशेड़ियों में मचा हड़कंप
गांव में पहले जहां नशे से जुड़ी गतिविधियों को लेकर चिंता बनी रहती थी, वहीं अब महिला कमांडो की सक्रियता ने तस्वीर बदलने का प्रयास शुरू किया है। दिन हो या रात, निगरानी का पहरा सख्त किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं की इस पहल से गांव के माहौल में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ रही है।
ग्राम सुरक्षा समिति बनी निगरानी की मजबूत कड़ी
महिला कमांडो के साथ ग्राम सुरक्षा समिति भी लगातार निगरानी में जुटी है। नशे के खिलाफ सामुदायिक स्तर पर उठाया गया यह कदम गांव के युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर भी टिकी है।
बिहान छत्तीसगढ़ की अपील: नशे के खिलाफ सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जन-जागरूकता और सामूहिक निगरानी भी जरूरी है। महंत की महिला कमांडो की यह पहल दूसरे गांवों के लिए भी मिसाल बन सकती है।
