चांपा। भगवान झूलेलाल के पावन पर्व चेट्रीचंड्र महोत्सव के अवसर पर चांपा सिंधी समाज के सदस्यों ने महोत्सव की शुरुआत सामाजिक सरोकार के साथ करते हुए सोझी घाट में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान समाज के महिला, पुरुष और बच्चों ने मिलकर घाट की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।अभियान में शामिल लोगों ने झाड़ू, तसले और बाल्टियों की मदद से घाट परिसर में फैली गंदगी को साफ किया तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। इस कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों के साथ-साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।सिंधी समाज के सदस्यों ने बताया कि चेट्रीचंड्र महोत्सव भगवान झूलेलाल की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जो समाज में सेवा, एकता और सद्भाव का प्रतीक है। इसी भावना के साथ इस वर्ष महोत्सव की शुरुआत स्वच्छता अभियान से की गई।इस अवसर पर समाज के लोगों ने सभी नागरिकों से अपने आसपास के धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
