रायपुर के अस्पताल में बवाल: महिला की मौत के बाद मायका-ससुराल पक्ष में मारपीट

इलाज के दौरान बिगड़ी स्थिति, मौत की खबर के बाद अस्पताल परिसर में तनाव; पुलिस ने संभाला मोर्चा

रायपुर । रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शैलेन्द्र नगर के नवकार हॉस्पिटल में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद उसके मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, शिव नगर संतोषी नगर निवासी याश्मिन परवीन ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तत्काल नवकार हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को डॉक्टरों ने महिला की स्थिति बेहद नाजुक बताते हुए उसके बचने की संभावना कम होने की जानकारी दी।

डॉक्टरों की इस सूचना के बाद ससुराल पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे और अस्पताल में हंगामा करने लगे। इसी दौरान मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। फिलहाल अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!