जिला चिकित्सालय मुंगेली में थायरॉयड सर्जरी सफल, मरीज स्वस्थ


मुंगेली । जिला चिकित्सालय मुंगेली में एक जटिल थायरॉयड सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीज मधु यादव ने 18 मार्च 2026 को बाह्य रोग विभाग में कान, नाक एवं गला विशेषज्ञ डॉ. कमलेश सत्यपाल को दिखाया था। मरीज के गले के नीचे एक ओर सूजन थी, जो लगातार बढ़ रही थी। डॉक्टर द्वारा आवश्यक जांच कराने पर थायरॉयड में गठान (नोड्यूल) पाए जाने की पुष्टि हुई। चिकित्सकीय परामर्श के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। 27 मार्च 2026 को डॉ. कमलेश सत्यपाल, डॉ. राजेश कुमार बेलदार एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक सर्जरी कर थायरॉयड की गठान को निकाल दिया गया। यह ऑपरेशन थायरॉयडेक्टॉमी (Thyroidectomy) के अंतर्गत किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति सामान्य और स्वास्थ्य में निरंतर सुधार बताया जा रहा है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय ने इस सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम की सराहना की। वहीं, मरीज एवं उनके परिजनों ने डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!