धरसींवा। महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सोमवार 6 अप्रैल को धरसींवा विकासखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास तिवारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव, उसके कारणों और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग से परियोजना अधिकारी श्रीमती अलका सक्सेना तथा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि श्री रोहित घृतलहरे की उपस्थिति ने विभागीय समन्वय को दर्शाया। वहीं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.के. एक्का और डॉ. मंजुला भारती ने भी अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला।
विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती जुबेदा अनवर खान ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है और इसे “सुरक्षा कवच” के रूप में देखा जाना चाहिए। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टीकाकरण विशेष रूप से उन किशोरियों के लिए है, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और 15वें वर्ष में प्रवेश से पूर्व हैं। उन्होंने कहा कि लक्षित समूह की बालिकाओं को इस अभियान के तहत कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डॉ. तिवारी ने यह भी बताया कि भारत में महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे बड़ा खतरा है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने आमजन को आश्वस्त किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह टीकाकरण सुविधा जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सिविल अस्पतालों में उपलब्ध रहेगी। आगामी तीन महीनों तक नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी पात्र बालिकाएं इसका लाभ ले सकें। जनप्रतिनिधियों ने भी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण से अवश्य लाभान्वित कराएं।
इनकी रही उपस्थिति:
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला ढिलेंद्र सेन, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती पूजा वर्मा, सरपंच श्री साहिल खान, तिवरैया सरपंच श्रीमती श्यामा कलानाथ गायकवाड़ सहित अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।
