रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। कमिश्नरी सिस्टम के तहत ‘त्वरित एक्शन’ मॉडल एक बार फिर प्रभावी साबित हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया अपने एक साथी के साथ श्याम नगर से कटोरा तालाब की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वाहन को गलत तरीके से चलाने को लेकर आरोपियों के साथ उनका मामूली विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद उग्र हो गया और आरोपियों ने गुस्से में आकर प्रार्थिया के साथी पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाई। डीसीपी सेंट्रल जोन तथा डीसीपी क्राइम एंड साइबर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से सघन पूछताछ की।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी घेराबंदी की और अंततः दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान नवीन पैकरा 20 वर्ष और अनुज सिंह 18 वर्ष के रूप में हुई है । पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस त्वरित कार्रवाई से न केवल अपराधियों में भय का माहौल बना है, बल्कि आम नागरिकों में भी पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। कमिश्नरी सिस्टम के तहत ऐसी तेज और प्रभावी कार्रवाई को कानून व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
