पाकरगांव के बेहरा टेंट हाउस गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का समान जलकर हुआ राख

पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकरगांव में स्थित बेहरा टेंट हाउस के गोदाम में शुक्रवार की दोपहर 12 बजे भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोदाम के पीछे कचरा जलाया जा रहा था, जिससे उठी चिंगारी ने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अंदर रखा टेंट का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग में हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है।
बेहरा टेंट हाउस के संचालक नित्या बेहरा ने बताया कि कचरा जलाने के दौरान उठी चिंगारी से आग लगी है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा आगजनी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!