सिमगा। रबी विपणन वर्ष 2026 के अंतर्गत सिमगा ब्लॉक में चना, सरसों एवं मसूर की सरकारी खरीदी प्रारंभ हो गई है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर हो रही इस खरीदी से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
सरकार द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार चना ₹5875 प्रति क्विंटल, मसूर ₹7000 प्रति क्विंटल तथा सरसों ₹6200 प्रति क्विंटल पर खरीदी की जा रही है उक्त जानकारी सहकारी समिति अध्यक्ष छोटू यादव द्वारा दी गई
खरीदी कार्य मूल्य समर्थन योजना के तहत किया जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
ब्लॉक स्तर पर बनाए गए खरीदी केंद्रों में किसानों से पंजीयन के आधार पर उपज ली जा रही है। प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए तौल, परिवहन एवं भुगतान की समुचित व्यवस्था की गई है। भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाएगा।
स्थानीय कृषि अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष खरीदी लक्ष्य को बढ़ाया गया है तथा अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ देने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा भी चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
किसानों ने बताया कि सरकारी खरीदी से उन्हें बाजार के उतार-चढ़ाव से राहत मिलती है और फसल का उचित दाम सुनिश्चित होता है। हालांकि कुछ किसानों ने पंजीयन एवं केंद्रों पर भीड़ जैसी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर पंजीयने कराकर निर्धारित तिथि के भीतर अपनी उपज खरीदी केंद्रों पर लाएं, ताकि उन्हें योजना का पूरा लाभ मिल सके।
