भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, FIR और आईडी बैन की मांग तेज

खैरागढ़। सोशल मीडिया पर एआई जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी के अध्यक्ष कोमल दास साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि इंस्टाग्राम पर @congress_polkhol नामक आईडी द्वारा एक भ्रामक और आपत्तिजनक एआई वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसे @randomchhattisgarh आईडी के साथ मिलकर व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। इस वीडियो में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संबंध में कथित रूप से गलत और चरित्र हनन करने वाली सामग्री दिखाई गई है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कृत्य केवल व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलाने की साजिश भी है। इस घटना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालकों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, आपत्तिजनक वीडियो को तुरंत हटवाकर संबंधित आईडी को स्थायी रूप से बैन कराने की भी मांग उठाई गई है।

ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल दास साहू, देवराज किशोर दास,भीखम छाजेड़ आकाशदीप सिंह, जिला महामंत्री सज्जाक खान, संदीप सिरमौर, अरुण भारद्वाज, रिंकू गुप्ता ,आरती महोबिया, अनुभा चंद्राकर, रिंकू महोबिया सहित जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य गण उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!