खमतराई पुलिस की कार्रवाई-लाखों का माल और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी के एक मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ ज़ोन अंतर्गत खमतराई थाना पुलिस ने भनपुरी चौक के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उस समय पकड़ा, जब वे चोरी की वाशिंग मशीनें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी का सामान बेचने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में उनकी पहचान सूर्य नगर निवासी इंद्रजीत साहू और सल्लू साहू उर्फ राहुल के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 24 अप्रैल की रात श्री राम इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम के पास खड़े एक वाहन से पांच वाशिंग मशीनें चोरी की थीं। घटना के बाद वे इन मशीनों को अलग-अलग ग्राहकों को बेचने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सभी पांचों वाशिंग मशीनें बरामद कर ली हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 7 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों की संलिप्तता अन्य चोरी की वारदातों में तो नहीं रही है।
