रायपुर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, वकीलों में आक्रोश

पहले विवाद की शिकायत, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार; सिविल लाइन थाने का घेराव

रायपुर । रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के बाद वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। राजातालाब स्थित नूरानी चौक के पास शुक्रवार रात अधिवक्ता रमीज खान पर एक नशेड़ी युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रमीज खान अधिवक्ता बाबर अली के जूनियर हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उनके निवास के सामने कुछ असामाजिक तत्व शराब और नशा कर रहे थे। रमीज खान द्वारा उन्हें मना करने पर विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की। इस घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई थी।

आरोप है कि पुलिस ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज कर लिया। वहीं आरोपियों को केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत पेश किया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।

बताया जा रहा है कि मामूली कार्रवाई के बाद आरोपी रिहा हो गए और पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार रात उन्होंने रमीज खान को घेर लिया। इसके बाद उन पर चाकू से कई वार किए गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

इस घटना से नाराज बड़ी संख्या में अधिवक्ता सिविल लाइन थाने पहुंच गए और थाना परिसर का घेराव कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग भी उठाई।

वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। साथ ही अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि इस मामले में आरोपी पक्ष की पैरवी न करें। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!