अंबेडकर चौक में प्रस्तावित डिवाइडर निर्माण का व्यापारियों ने किया विरोध

बलौदाबाजार । नगर पालिका परिषद द्वारा मुख्य मार्ग स्थित अंबेडकर चौक पर लाइट एवं विज्ञापन युक्त यूनीपोल स्थापना के लिए प्रस्तावित डिवाइडर निर्माण कार्य का स्थानीय व्यापारियों एवं आमजनों ने विरोध जताया है। इस संबंध में व्यापारियों ने स्थानीय विधायक एवं माननीय मंत्री टंकराम वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अशोक जैन एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने तथा पूर्व स्थिति बहाल करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा सड़क के मध्य भाग में नया डिवाइडर बनाने के उद्देश्य से मुख्य मार्ग की खुदाई की जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि संबंधित मार्ग पर पूर्व में ही तकनीकी मानकों एवं सक्षम एजेंसियों के सर्वेक्षण के आधार पर आवश्यक डिवाइडर का निर्माण किया जा चुका है। ऐसे में पुनः नया डिवाइडर बनाए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी।

व्यापारियों के अनुसार अंबेडकर चौक का क्षेत्र अपेक्षाकृत संकरा है, जिसके चलते पूर्व में भी अतिरिक्त डिवाइडर निर्माण की अनुशंसा नहीं की गई थी। वर्तमान प्रस्तावित निर्माण से चौक पर यातायात दबाव बढ़ने एवं दुर्घटनाओं की आशंका जताई गई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित निर्माण कार्य से क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों जैसे बजरंग रेस्टोरेंट, गुड़िया रेडीमेड, सीजी 22 ऑटो, अपोलो फार्मेसी, डॉ. बाजपेयी नर्सिंग होम एवं केडिया विहार व्यवसायिक परिसर सहित लगभग 50 से अधिक दुकानों के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। व्यापारियों ने कहा कि डिवाइडर निर्माण से ग्राहकों एवं आम नागरिकों की आवाजाही बाधित होगी, जिससे व्यवसाय प्रभावित होने की संभावना है।

व्यापारीगणों ने जनहित, व्यापारिक हित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री, नगरीय प्रशासन विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, सड़क सुरक्षा प्राधिकरण एवं पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों को भी प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।

इस दौरान संजू भाई पटेल, शंकर दुलानी, सोहेल खान, बसंत, जितेंद्र डडसेना, लोकेश गुप्ता, दलजीत सिंह चावला, भावेश पटेल, अशोक पंजवानी, संजय हबलानी, सागर हबलानी, विशाल हरिरामनी, पवन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं आमजनों ने अपना आक्रोश एवं आपत्ति दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!