वृद्धा अनाथ आश्रम पहुंचे पूर्व संसदीय सचिव चन्द्रदेव राय, बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर हुए भावुक
सारंगढ़ बिलाईगढ़ आमतौर पर जन्मदिन समारोह जहां भव्य आयोजनों और उत्सवों तक सीमित रह जाते हैं, वहीं पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक चन्द्रदेव राय ने अपने जन्मोत्सव को सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सारंगढ़ जिला मुख्यालय स्थित वृद्धा अनाथ आश्रम पहुंचकर वृद्ध माताओं एवं पिता तुल्य बुजुर्गों के बीच जन्मोत्सव मनाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
आश्रम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आत्मीयता, सम्मान और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। बुजुर्गों के बीच पहुंचे चन्द्रदेव राय ने उनसे आत्मीय संवाद किया, उनका कुशलक्षेम जाना तथा फल, मिठाई एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान कई क्षण भावुक कर देने वाले रहे।
राय ने कहा कि आज का दिन उनके जीवन के सबसे स्मरणीय एवं भावुक पलों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता ने अपने पूरे जीवन परिवार और समाज के लिए समर्पित कर दिया, उन्हीं में से कई बुजुर्ग आज अकेलेपन का जीवन जीने को विवश हैं। ऐसे बुजुर्गों के बीच समय बिताना आत्मिक संतोष और मानवीय जिम्मेदारी का एहसास कराने वाला अनुभव है।
उन्होंने पूर्व सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सारंगढ़ को नवीन जिले के रूप में मिली पहचान क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। साथ ही जिला प्रशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वृद्धा आश्रम की स्थापना समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया।
जन्मोत्सव के इस अनूठे आयोजन ने यह संदेश दिया कि सच्चा उत्सव वही है, जो समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सके।
