भीषण गर्मी बनी जानलेवा, 43 से 45 डिग्री शहर का तापमान

रायपुर एयरपोर्ट में सुधार कार्य के दौरान संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे ने भीषण गर्मी में काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में चल रहे सुधार कार्य के दौरान विद्युत संविदा कर्मी कुबेर चंद्र साहू फॉल्स सीलिंग से करीब 30 फीट नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल कर्मी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट परिसर में मरम्मत एवं उन्नयन कार्य जारी है। इसी दौरान कुबेर चंद्र साहू ऊंचाई पर विद्युत संबंधी कार्य कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण उन्हें अचानक चक्कर और बेचैनी महसूस हुई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

गौरतलब है कि रायपुर में गुरुवार को तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी भीषण गर्मी में लंबे समय तक धूप या ऊंचाई पर काम करने से हीट स्ट्रोक, चक्कर और बेहोशी जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे मौसम में श्रमिकों एवं कर्मचारियों को पर्याप्त पानी, विश्राम और सुरक्षा उपायों के साथ कार्य करना आवश्यक है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन मौके पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!