रायपुर में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग, समय रहते बुझी लपटें… बड़ा हादसा टला

लोधीपारा पड़री स्थित कपड़ों की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा नुकसान

रायपुर । राजधानी रायपुर के लोधीपारा पड़री इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब “OCTAVE” नाम की रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुकान में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़की, जिसके बाद दुकान के भीतर तेजी से धुआं फैलने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दुकान के एक हिस्से से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने अंदर रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। दुकान में बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े रखे होने के कारण आग फैलने की आशंका बढ़ गई थी। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।

आग से दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!