तिल्दा में रिश्तों का कत्ल : बेटे ने लकड़ी से पीटकर की पिता की हत्या

शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, रातभर घर में पड़ा रहा बुजुर्ग का शव, सुबह खुला सनसनीखेज मामला

रायपुर । रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद एक बेटे ने अपने ही पिता की लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार तिल्दा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 निवासी संतु कोठारी (70 वर्ष) रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात वे अपने घर में कुछ परिचित लोगों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा वीरेंद्र कोठारी (40 वर्ष) वहां पहुंचा। पिता को शराब पीते देख दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पिता-पुत्र दोनों शराब के नशे में थे। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि वीरेंद्र ने घर में रखी लकड़ी उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में संतु कोठारी के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी बेटे ने किसी को जानकारी नहीं दी और बुजुर्ग का शव पूरी रात घर में ही पड़ा रहा। सोमवार सुबह वार्ड पार्षद को मामले की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी वीरेंद्र कोठारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!